मीरगंज। शारदा सहायक खंड 39 नरायनपुर रजवाहा में पानी नहीं आने से किसानों को दिक्कत हो रही है। उनकी फसल सिंचाई के अभाव में प्रभावित हो रही है। दो माह में केवल दो दिन ही नहर में पानी छोड़ा गया।
शारदा सहायक खण्ड 39 नरायनपुर रजवाहा प्रतापगढ जिले के कहला गांव से निकल कर जिले में मुंगराबादशाहपुर ब्लाक मे प्रवेश करती है। मछलीशहर, बरसठी होते हुए रामपुर ब्लाक तक जाती है। यह लगभग 72 किमी की दूरी तय करती है। इस नहर से छोटी बडी 150 माइनरें निकली हैं। जिससे हजारों एकड़ फसल को सैकड़ों गांव के किसान सिंचाई करते हैं। दो माह पहले बन्द हुई नहर एक सप्ताह पूर्व चालू हुई थी लेकिन केवल दो दिन ही चली। जिससे कुलाबों से पानी नहीं निकल पाया। किसानों की गेहूं की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। नहर बंद होने से किसान सिंचाई के लिए परेशान है। जिन रास्ते से नहर गूजरी है उस रास्ते पर किसानों का सिंचाई का माध्यम सिर्फ नहर ही है। अगहुआ गांव के किसान दानबहादुर यादव, अलापुर के विपुल सिह, गोधना के बच्चा सिंह, चौकीखुर्द के टीएन पाण्डेय, करियांव के लाल प्रताप का कहना है की नहर में पानी न आने से किसानों की गेहूं की फसल की भराई पिछड़ रही है। शारदा सहायक खण्ड 39 नहर के अधिशासी अभियंता रजनीकांत अग्रवाल ने का कहना है की नहर 28 दिसंबर से चलाई जाएगी।