जौनपुर। टीडी कालेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए रविवार को हो-हल्ला और हंगामे के बीच नामांकन हुआ। विभिन्न पदों के दावेदार जुलूस के साथ शक्ति प्रदर्शन करते कालेज पहुंचे और नामांकन किया। अध्यक्ष के लिए आठ, महामंत्री के लिए सात और उपाध्यक्ष के लिए तीन दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कालेज परिसर में प्रत्याशी के साथ उनके प्रस्तावकों को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। शिक्षा संकाय प्रतिनिधि के लिए एक दावेदार ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
टीडी कालेज छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए शशांक कुमार सिंह, मंगल शुक्ल, दिलीप कुमार यादव, हर्षित सिंह, आनंद कुमार यादव, सौरभ सिंह यादव, अवनीश कुमार यादव, शुभम प्रकाश सिंह ने नामांकन किया। उपाध्यक्ष पद के लिए आर्यमा मिश्रा, सुजीत सिंह और अविनाश कुमार सिंह ने पर्चा दाखिल किया। महामंत्री पद के लिए राजन सिंह चौहान, हेमेंद्र कुमार निषाद, नरेंद्र बहादुर, पंकज यादव, अनीशा यादव, अमित कुमार दुबे, रविंद्र कुमार यादव और अवनीश सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। पुस्तकालय मंत्री पद के लिए शुभम मिश्र, विशाल गुप्त, हर्ष कुमार शुक्ल, स्वतंत्र कुमार, विजय यादव, मणिकांत और चंचल कुमार यादव ने पर्चा दाखिल किया। कला संकाय प्रतिनिधि के लिए सूरज, प्रशांत और गौरव सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। विज्ञान संकाय के लिए अंजनी कुमार उपाध्याय और राहुल कुमार यादव, शिक्षा संकाय प्रतिनिधि के लिए अकेले सत्यम सिंह ने नामांकन किया। सत्यम का निर्विरोध चुना जाना तय है। वाणिज्य संकाय के लिए आकाश सिंह और गौरव मौर्य, कृषि संकाय के लिए कुंवर शैलेश और दिव्यांश सिंह, विधि संकाय के लिए राहुल कुमार यादव और अमन सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सुरक्षा को देखते हुए एसओ लाइन बाजार पुलिस फोर्स के साथ तैनात रहे।
टीडी कालेज में छात्रसंघ अध्यक्ष पद के दावेदार गौरव सिंह का पर्चा स्वीकार नहीं किए जाने पर उनके समर्थकों ने हो-हल्ला कर हंगामा किया जिससे भगदड़ मच गई। सीओ सिटी व मजिस्ट्रेट ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। प्राचार्य कार्यालय में दो घंटे तक चली पंचायत के बाद भी चुनाव समिति और प्रोटेस्ट कमेटी ने अधिक उम्र का हवाला देते हुए गौरव का नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किया। अध्यक्ष पद के दावेदार गौरव सिंह रविवार को समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। नामांकन कक्ष में उम्र अधिक होने का हवाला देते हुए नामांकन पत्र लेने से इनकार कर दिया गया। यह जानकारी होने पर गौरव रो पड़े। गौरव सिंह ने इसकी शिकायत चुनाव अधिकारी मेजर डा. पीपी सिंह से की। दो बजे के बाद नामांकन खत्म हुआ तो इस विषय को लेकर चुनाव कमेटी और प्रोटेस्ट कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक प्राचार्य कार्यालय में हुई। करीब दो घंटे तक चली बैठक में कमेटी ने गौरव सिंह का नामांकन पत्र लेने से इनकार कर दिया। चुनाव अधिकारी डा. पीपी सिंह ने बताया कि गौरव का उम्र अधिक होने के कारण उनका नामांकन पत्र नहीं लिया गया। जबकि गौरव सिंह का कहना है कि कालेज प्रशासन को मेरा नामांकन स्वीकार करना चाहिए था। अगर जांच में कोई कमी मिलती तो उसे निरस्त कर सकते थे। आरोप लगाया कि कालेज प्रशासन पहले ही उनका नामांकन नहीं दाखिल करने का मन बना चुका था। बिना जांच के कालेज प्रशासन को कैसे पता चला कि उनकी उम्र अधिक है। इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। गौरव के समर्थन में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह सहित कई छात्रनेताओं ने कालेज प्रशासन के निर्णय का विरोध किया। इस मौके पर प्राचार्य डा. विनोद कुमार सिंह, डा. पीपी सिंह, डा. रजनीश सिंह, डा. वेद प्रकाश सिंह, डा. पीएल टाम्टा, डा. ओपी सिंह, डा. शैलेंद्र सिंह, डा. जितेश सिंह, डा. प्रदीप सिंह, डा. रामआसरे सिंह, डा. एसपी सिंह मौजूद थे।
टीडी कालेज रविवार को चुनाव के लिए होने वाले मतदान के दौरान किसी तरह का हंगामा न हो, इसके लिए कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया था। हर बार की तरह इस बार भी छात्रों की भीड़ कालेज परिसर से बाहर ही रोक दिया गया। जुलूस के आए उम्मीदवारों को केवल उनके प्रस्तावकों के साथ ही भीतर जाने दिया गया।