जौनपुर। अब गरीबों के घर भी रोशन होंगेे। विद्युतीकरण की तमाम योजनाओं के बाद भी वंचित रहे गरीबों को सरकार की सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त बिजली का कनेक्शन दिया जाएगा। बिजली विभाग ने इस योजना से गरीबों को लाभान्वित करने के लिए लाभार्थियों का चयन करने का कार्य शुरू कर दिया है। वर्तमान में जिले में तीन लाख 30 हजार हजार बिजली उपभोक्ता हैं।
गरीबों के घरों बल्ब की रोशनी से रोशन करने के उद्देश्य से सरकार ने प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य योजना) लागू की है। इस योजना का लाभ देने के लिए गरीबों में भी मानक का निर्धारण किया गया है। जो गरीब उस मानक में आएंगे। उनको बिजली का कनेक्शन मुफ्त दिया जाएगा। जो गरीब मानक के दायरे में नहीं आएंगे, उनको बिजली का कनेक्शन लेने के लिए 500 रुपये देने होंगे। यह धनराशि संबंधित लाभार्थी को मासिक बिल के साथ प्रतिमाह 50 रुपये की दर से देनी होगी। इस योजना को परवान चढ़ाने के लिए विभाग ने कवायद शुरू कर दी गई है। गरीबों के चयन की कार्य शुरू कर दिया गया है।
इनसेट:
किसी तरह गुजारा करने वाले होंगे पात्र
जौनपुर। मुफ्त बिजली का कनेक्शन देने के लिए मानक तय किए गए हैं। इसके लिए किसी तरह गुजारा करने वाले गरीब परिवार ही पात्र होंगे। जिनके पास कोई बसेरा न हो, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति का हो, भिक्षा दान पर निर्भर हो, कूड़ा-करकट में से सामान बीनता हो, बंधुआ मजदूरी से मुक्त हुआ हो, कच्ची दिवार व छत युक्त एक कमरा हो, 16 से 59 वर्ष का कोई वयस्क न हो, महिला मुखिया वाले परिवार में 16 से 59 वर्ष का कोई वयस्क पुरुष न हो, ऐसे परिवार जिसमें कोई विकलांग सदस्य हो या कोई स्वस्थ वयस्क सदस्य न हो। ऐसे परिवार जिसमें 25 वर्ष से ऊपर की आयु का कोई शिक्षित वयस्क सदस्य न हो व ऐसे भूमिहीन परिवार जो अपना जीवन यापन मजदूरी से करते हों। ऐसे लोगों को ही मुफ्त कनेक्शन दिया जाएगा। अधीक्षण अभियंता विद्युत एके मिश्र ने बताया कि सौभाग्य योजना का लाभ देने के लिए मानक के अनुसार गरीबों का चयन किया जा रहा है। मानक के तहत शीघ्र गरीबों का चयन कर उनके घर बिजली का कनेक्शन कर दिया जाएगा।