छात्रसंघ चुनाव के लिए टीडी कालेज के गेट पर छात्रों का धरना
जौनपुर। टीडी कालेज में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर शुक्रवार से छात्रों ने कालेज गेट पर अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया। दोपहर एक बजे से करीब बीस की संख्या में छात्र कालेज गेट पर पहुंच गए। गेट के बगल अपना टेंट लगा दिया। इस दौरान वहां से गुजर रही प्राचार्य की गाड़ी को रोक कर हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों का रुख देख गाड़ी में मौजूद प्राचार्य का गनर भी खिसक लिया। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया। सूचना मिलने पर लाइन बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
छात्र नेता गौरव सिंह के नेतृत्व में छात्र शुक्रवार को दोपहर एक चुनाव कराने की मांग को लेकर कालेज के गेट पर हंगामा करने के बाद धरने पर बैठ गए। गौरव सिंह का कहना है कि कालेज प्रशासन जानबूझ कर चुनाव कराने में हीलाहवाली कर रहा है। प्राचार्य छात्रों से मिलने के बजाय कालेज आना बंद कर दिए। कालेज प्रशासन जब तक चुनाव की तिथि घोषित नहीं करता धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वाराणसी समेत अन्य जिलों के कालेजों में छात्र संघ चुनाव करा दिया गया लेकिन कालेज प्रशासन चुनाव के नाम पर तानाशाही कर रहा है। गौरव सिंह ने आरोप लगाया कि हंगामा के दौरान हमारे तीन साथियों को पुलिस उठा ले गई थी। जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। टीडी कालेज में धरना शुरू होने के बाद राज कालेज के छात्र नेता भी चुनाव को लेकर आंदोलन शुरू करने का मन बना रहे हैं। धरना स्थल पर हर्षित सिंह, शिवम सिंह, अमित दुबे, अर्पित सिंह, दिव्यांश सिंह, मंगलेश शुक्ल समेत करीब बीस छात्र धरने पर बैठे।