जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित मुक्तांगन में पतंजलि योग पीठ और योग समिति की ओर से योग को अपनाएं कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मुख्य अतिथि पतंजलि योग पीठ के राज्य प्रभारी सुरेंद्र सेवाव्रती ने कहा कि पूरी दुनिया ने योग को अपना लिया है। हम थोड़ा समय योग पर दें तो निश्चित तौर पर बहुत सारी बीमारियों से छुटकारा पा सकते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से प्रात: कालीन संचालित योग कक्षा में योगाभ्यास भी कराया गया। पतंजलि योगपीठ की महिला राज्य प्रभारी शशि ने कहा कि महिलाएं योग को दिनचर्या में शामिल करें। अधिकांश महिलाओं को शरीर के विभिन्न भागों में दर्द की शिकायत रहती है। योग के माध्यम से इससे छुटकारा पाया जा सकता है। योग प्रशिक्षक ममता उपाध्याय को मुख्य अतिथि ने प्रमाण पत्र दिया। संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अचल हरिमूर्ति, मदन मोहन भट्ट, कृष्ण मुरारी, राजनारायण सिंह, रामनाथ राम, ओमप्रकाश मिश्र, ममता, अंजुम श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।