छात्र संघ चुनाव कराने के लिए प्रदर्शन करते टीडी कालेज के छात्र
जौनपुर। छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग लेकर नगर के तिलकधारी महाविद्यालय में छात्रनेताओं ने सोमवार को हंगामा किया। छात्र नेताओं ने कालेज के दोनों मुख्य द्वार को बंद कर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और धरना दिया। कालेज का मुख्य द्वार जब बंद किया गया तो उस समय रक्तदान शिविर का उद्घाटन करने के लिए जिलाधिकारी की पत्नी राजलक्ष्मी मिश्रा भी अंदर मौजूद थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर प्रदर्शनकारी छात्रों को खदेड़ा। पुलिस के हस्तक्षेप से तीन घंटे बाद कालेज का द्वार खोलवाया जा सका। पुलिस ने पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
जिला आकांक्षा समिति की ओर से टीडी कालेज के बलरामपुर हाल में सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर का उद्घाटन करने जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष जिलाधिकारी की पत्नी राजलक्ष्मी मिश्रा, बाल विकास परियोजना की कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बेसिक शिक्षा विभाग के कई शिक्षक, अधिकारी, रक्तदान शिविर में मौजूद थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे करीब 50 से अधिक की संख्या में छात्रों ने छात्र संघ चुनाव की मांग लेकर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। कालेज के उत्तरी और दक्षिणी द्वार को बंद कर छात्र धरने पर बैठ गए। इस दौरान किसी को न तो बाहर निकलने दिया और न ही बाहर से लोगों को अंदर जाने दिया। रक्तदान शिविर में मौजूद जिलाधिकारी की पत्नी समेत कई लोग बाहर जाना चाह रहे थे लेकिन गेट बंद होने की वजह से सभी परेशान दिखे। सूचना पर सीओ सिटी नृपेंद्र, लाइनबाजार थानाध्यक्ष फोर्स के साथ पहुंच गए। गेट अंदर से बंद होने के कारण पुलिस भी लाचार थी। कालेज में मौजूद जिला सूचनाधिकारी ढाई बजे किसी तरह गेट पर पहुंचें तो पुलिस के कहने पर उन्होंने ईंट से मारकर ताला तोड़ा। इसके बाद पुलिस अंदर गई और लाठियां भांज कर प्रदर्शनकारी छात्रों खदेड़ दिया। पुलिस ने पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया। छात्रों ने कहा कि कालेज प्रशासन छात्रसंघ चुनाव नहीं कराना चाहता है। छात्रसंघ चुनाव नहीं कराया गया तो वे कक्षाएं नहीं चलने देंगे। सीओ सिटी नृपेंद्र ने बताया कि थाने मेें पूछताछ के बाद हिरासत में लिए गए छात्रों को छोड़ दिया गया।