कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव की समीक्षा करते प्रेक्षक आलोक कुमार
जौनपुर। रिटर्निंग आफिसर निकाय चुनाव और कानून व्यवस्था के लिए जिम्मेदार माने जाएंगे। ऐसे में वे निष्पक्षता के साथ मतदान संपन्न कराएं। कलेक्ट्रेट के सभागार में सोमवार को चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश प्रेक्षक आलोक कुमार तृतीय ने दिया। इस दौरान सभी प्रभारी अधिकारियों ने तैयारियों के बारे में बताया।
जिला निर्वाचन अधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र ने बताया कि जिले के तीन नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायत के चेयरमैन और सभासद पदों के लिए मतदान 29 नवंबर को प्रात: 7:30 बजे से लेकर सायं पांच बजे तक होगा। इसमें कुल 312508 मतदाता अपने मताधिकार को प्रयोग करेंगे। इसमें 168073 पुरुष और 144435 महिला मतदाता हैं। मतदान केंद्र 127 और मतदेय स्थल 422 हैं। संवेदनशील मतदान केंद्र 32, संवेदनशील मतदान स्थल 101, अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र 20, अतिसंवेदनशील मतदान स्थल 70, अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र 12 और अतिसंवेदनशील प्लस मतदेय स्थल 40 हैं। चुनाव के लिए 16 जोनल और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। कुल 1868 कर्मचारियों को तैनात किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर कुल उपनिरीक्षक 389, हेड कांस्टेबिल 133, कास्टेबल 1262, होमगार्ड 1192 के अलावा 13.5 सेक्शन पीएचसी तैनात की गई है। आदर्श आचार संहिता प्रभारी रामआसरे सिंह ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन में कार्रवाई की गई है। पोस्टर बैनर हटाए गए हैं और नौ के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आचार संहिता अनुपालन हेतु 11 उड़नदस्ता व निगरानी टीम का गठन किया गया है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी आरपी मिश्र ने चुनाव प्रबंधन के बारे में बताया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व चुनाव प्रभारी संजय राय ने बताया कि मतदान केन्द्रों पर आयोग के निर्देशानुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक आलोक सिंह ने वेबकास्टिंग एवं मतदान व मतगणना के बारे में बताया। मतपत्र प्रभारी कमलेश सोनी ने बताया कि मतपत्र आरओ को उपलब्ध कराए गए हैं। प्रभारी अधिकारी कंट्रोल रूम पीके राय ने बताया कि चुनाव नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। अभी तक किसी प्रकार की शिकायत नहीं प्राप्त हुई है। मुख्य व्यय अनुवीक्षण अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान कार्मिकों को मानदेय देने के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। इस अवसर पर आरओ प्रियंका प्रियर्दशनी, अयोध्या प्रसाद, जगदम्बा सिंह, विमल कुमार दुबे, विजय प्रकाश तिवारी, जयनारायण सचान उपस्थित रहे।