बीआरपी कालेज के मैदान पर चुनाव के लिए एकत्रित हुए वाहन
जौनपुर। पोलिंग पार्टियों को ले जाने के लिए रविवार से ही बीआरपी कालेज के मैदान पर अधिग्रहित वाहन जुटने लगे हैं। वाहनों को क्रम से खड़ा कराने का कार्य किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद जौनपुर व नगर पंचायत जफराबाद को छोड़कर अन्य नगर पालिका व नगर पंचायत के पोलिंग पार्टी को ले जाने के वाहनों को निर्धारित रवानगी स्थल पर 27 नवंबर को भेज दिया जाएगा।
जिले के तीन नगर पालिका परिषद व छह नगर पंचायतों के चेयरमैन और सभासद पद पर मतदान कराने के लिए कुल 422 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। पोलिंग पार्टियों को बूथों पर ले जाने के लिए कुल 169 हल्के वाहन और 143 भारी वाहन अधिग्रहित किए गए हैं। पोलिंग पार्टियों के लिए 110 हल्के व 120 भारी वाहन और पुलिस के लिए 23 बस व 59 हल्के वाहन हैं। सभी वाहनों को 27 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे तक जुटने का निर्देश दिया गया है। वाहन रविवार से ही बीआरपी के मैदान में जुटने लगे हैं। नगर पालिका परिषद जौनपुर व नगर पंचायत जफराबाद की पोलिंग पार्टियां को ले जाने के लिए वाहन बीआरपी मैदान में ही रहेंगे। जबकि अन्य नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत की पोलिंग पार्टियों को ले जाने के लिए वाहनों को उनके रवानगी स्थल पर भेजने का कार्य किया जाएगा। प्रभारी अधिकारी वाहन अनिल कुमार राय ने बताया कि चुनाव के लिए अधिग्रहित सभी वाहनों के स्वामियों को 27 नवंबर को सुबह 11 बजे तक वाहन भेजने का निर्देश दिया गया है। चुनाव ड्यूटी में कुल 312 वाहन लगाए गए हैं।