मछलीशहर। नगर निकाय चुनाव में नामांकन दाखिला के आखिरी दिन गुरुवार को मछलीशहर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी विनोद सेठ के नामांकन जुलूस की फोटोग्राफी ड्रोन कैमरे से कराई जा रही थी। भाजपा कार्यालय से निकला नामांकन जुलूस तहसील परिसर पहुंच गया। इस दौरान किसी ने ड्रोन कैमरे पर टोका टिप्पणी नहीं की। पुलिसकर्मी समझ रहे थे कि प्रशासन खुद ड्रोन ड्रोन कैमरे सेजुलूस की निगरानी कर रहा है लेकिन जुलूस जैसे ही तहसील परिसर में पहुंचा तो वहां मौैजूद सीओ सौम्या पांडेय की नजर भीड़ के ऊपर हवा में उड़ रहे ड्रोन कैमरे पर पड़ी। वह हैरान हो र्गइं। उन्होंने ड्रोन के बारे में जानकारी की तो पता चला कि भाजपा प्रत्याशी की तरफ से खुद यह व्यवस्था की गई थी। इतना सुनते ही सीओ सौम्या पांडेय भड़क गई उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अपने कई अधीनस्थों को भी फटकार लगाई। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी एवं समर्थकों को आचार संहिता का हवाला देते हुए कैमरा नामांकन परिसर से तत्काल बाहर करने का निर्देश दिया। पुलिस ने तत्काल ड्रोन कैमरे को बंद करवा दिया।