बदलापुर पुलिस ने बुधवार को पूरालाल गांव निवासी बीएचयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष तथा काँग्रेस के वरिष्ठ नेता चंचल सिंह को गिरफ्तार कर एसीजेएम पंचम अमर सिंह की अदालत में पेश किया जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया। आरोप है कि दो मार्च 1982 को तत्कालीन एडीएम डी गौर महराजगंज ब्लाक का निरीक्षण कर रहे थे, उसी दौरान चंचल सिंह से अधिकारी की कहासुनी हो गई। अफसर ने कहा कि बिना अनुमति के कैसे आ गए तो उन्होंने कहा कि मैं छात्रनेता हूं कहीं भी आ जा सकता हूं। जिस पर एडीएम ने उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने विवेचना पूरी कर आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया। तब से लेकर आज तक आरोपी चंचल कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। जिस पर कोर्ट ने पांच जून 1984 को बेल बांड निरस्त कर गैर जमानती वारंट जारी किया। इसके बावजूद भी वह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद कुर्की का आदेश हुआ। जिस पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश के अनुपालन में आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश में पेश किया। आरोपी की तरफ से वारंट निरस्त करने के लिए बुधवार को प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसे मजिस्ट्रेट ने खारिज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।