जौनपुर। अब पूरे जिले में बिजली चोरी के मामलों में मुकदमे सिर्फ थाना लाइन बाजार में दर्ज किए जाएंगे। इसके लिए बिजली व पुलिस विभाग की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। इस माह में जिले में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकार की ओर से हर जिले में प्रवर्तन दल स्थापित करने व बिजली विभाग के नजदीक एक थाना का चयन कर उसमें बिजली चोरी का एफआईआर कराने का निर्देश दिया गया है। इस तरह के अभियोगों की विवेचना जिले में स्थापित अपराध शाखा में एंटी सेल पावर सेल यूनिट का गठन कर विवेचना कराने का निर्देश दिया है। साथ ही उक्त चयनित थाने के अलावा किसी भी थाने में बिजली चोरी का एफआईआर दर्ज नहीं कराने का निर्देश दिया है। जिसके क्रम में जिले में लाइनबाजार थाना का चयन किया गया है जहां जिले के सभी थाना क्षेत्रों में होने वाले बिजली चोरी का केस दर्ज होगा। इसके लिए जिले में कवायद शुरू कर दी गई है। इस माह में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
अधीक्षण अभियंता एके मिश्र ने बताया कि अब सिर्फ थाना लाइन बाजार में ही बिजली चोरी का केस दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा जिले के अन्य थानों में उक्त केस दर्ज नहीं होगा। इसलिए पुलिस अधीक्षक की ओर से व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। इस माह में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।-एके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता विद्युत