कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
जौनपुर। प्रमुख सचिव अनीता एवं कैबिनेट मंत्री अनुपमा जायसवाल से हुई वार्ता के बाद आंगनबाड़ी एवं सहायिका एसोसिएशन ने आंदोलन के 44वें दिन मंगलवार को अपना धरना स्थगित कर दिया। एसोसिएशन की मंगलवार को हुई बैठक में जिलाध्यक्ष सरिता सिंह ने कहा कि संगठन की हड़ताल सफल रही। लखनऊ में हुई रैली और प्रदर्शन से सरकार पूरी तरह से हिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रमुख सचिव अनीता और कैबिनेट मंत्री अनुपमा जायसवाल से वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गीतांजलि मौर्या, प्रांतीय महामंत्री प्रभावती सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरिता सिंह, याश्मीन खातून, गीता पाठक, ऊषा मौर्या मौजूद रहीं। इसमें तय हुआ कि धरने के दौरान किसी भी आंगनबाड़ी और सहायिका पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। हड़ताल के दौरान मानदेय, एरियर भुगतान, पदोन्नति, होमटेक राशन, ग्रीष्म कालीन अवकाश, पोषाहार ढुलाई, भवन किराया आदि पर निर्णय लिया गया है। कहा कि जब तक मानदेय वृद्धि की घोषणा नही की जाती है तबतक हम कलम बंद हड़ताल पर जाने के लिए विवश होंगे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद संरक्षक सीवी सिंह, जिला मंत्री चंद्रशेखर सिंह, उपाध्यक्ष अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष विनोद सिंह, विजय प्रताप सिंह, राजबली यादव, चंद्रकला, कलावती देवी, अर्चना सिंह, उर्मिला प्रजापति और ज्योति गौण, पुष्पा सिंह, सीता यादव, जयसाहनी, आशा उपाध्याय ने संबोधित किया। सभा का संचालन जिला मंत्री मीनाक्षी शुक्ला ने किया।