जौनपुर। थानों में फरियाद नहीं सुने जाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सभी थानों में कम से कम चार-चार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह व्यवस्था शुरू होने के बाद थानेदार अब बंद कमरे में फरियाद नहीं सुन सकेेंगे बल्कि उन्हें सीसीटीवी कमरे की जद शिकायतें सुननी होंगी। सर्किल के क्षेत्राधिकारी प्रत्येक सप्ताह कैमरों का फुटेज चेक करेंगे।
तकरीबन पचास लाख आबादी वाले इस जिले में महिला थाने को लेकर कुल 28 थाने हैं। इनमें कई थानों पर पहले भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे थानों में ये बंद पड़े हैं। अपनी कमजोरी छिपाने के लिए थानेदारों नें इसे बंद करने में ही अपनी भलाई समझी लेकिन एसपी के नए निर्देश के बाद ऐसे थानेदार बेचैन हो गए हैं। पहले से ही आम शिकायत रही है कि थानेदार थानों में फरियाद नहीं सुनते और फरियाद लेकर जाने वालों का शोषण मुंशी दीवान करते हैं। जब फरियादी एसपी, एडिशनल एसपी के पास आते हैं तो एसओ यही कहते हैं कि सर थाने पर यह नहीं आया था। सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद ऐसी स्थितियां दूर होंगी। एसपी केके चौधरी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा थाने के मुख्य द्वार, आफिस, थानेदार कक्ष और परिसर में लगाया जाएगा।
थानों में सीसीटीवी कैमरा लगने के बाद ऐसे लोगों की भी निगहबानी हो सकेगी जो हर रोज थानों में जाकर पैरवी करते हैं। कुछ सत्ताधारी दल के लोग थाने में जाकर धौंस जमाते हैं और कुछ गलत लोगों की पैरवी करते हैं। कैमरा लगने के बाद ऐसे नेताओं के चेहरे भी बेनकाब होंगे।
पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने बताया कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत ऐसी पहल सामाजिक संगठनों के सहयोग से शुरू की गई है। यह फरियादियों और पुलिसकर्मियों दोनों के लिए सार्थक होगा।