कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करतीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
जौनपुर। राज्य कर्मचारी का दर्जा देने के साथ ही वेतनमान बढ़ाने आदि मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन का कलेक्ट्रेट परिसर में धरना मंगलवार को 23वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान जिलाध्यक्ष सरिता सिंह ने कहा कि जबतक उनकी पंद्रह सूत्री मांगें पूरी नहीं होती हैं तबतक धरना जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार हम लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। मांगों को लेकर कई बार धरना प्रदर्शन किया जा चुका है लेकिन हर बार आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त करा दिया जाता है। इस बार हम मांगों के पूरा होने पर ही धरना समाप्त करेंगे। कहा कि सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में हमारे पक्ष में कोई निर्णय नहीं लिया गया। अल्का सिन्हा और माधुरी सोनिया ने कहा कि अगर उनकी बातें नहीं सुनीं गई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी जिसकी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। धरने को राज्य कर्मचारी के संयुक्त परिषद के अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, संरक्षक सीवी सिंह, मंत्री चंद्रशेखर सिंह ने संबोधित किया। धरने में मुख्य रूप से सुनीता सिंह, मीना यादव, चंद्रकला, सुधा श्रीवास्तव, अर्चना, गीता सोनकर, कंचन सिंह, सुनीता, कलावती, नीलम, सुजाता, निर्मला सिंह, आभा मौर्या, आशा, प्रेमा सिंह मौजूद रहीं।