जौनपुर। बगैर अनुमति के बिजली विभाग की ओर से सड़क की खोदाई कराने पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र ने अवर अभियंता विद्युत और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है। मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में शहर क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने यह कदम उठाया। उन्होंने नगर क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को दूर करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने कहा कि अधिकारी कार्ययोजना बनाकर तत्काल नगर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर अपने विभागीय कार्यों को संपादित कराएं। उन्होंने नगर क्षेत्र में सड़क की खोदाई के लिए नगर मजिस्ट्रेट इंद्रभूषण वर्मा को नोडल अधिकारी नामित किया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह को जिले के विकास कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा कराने और वाजिदपुर से जेसीज चौराहा व शास्त्री पुल तक की सड़क की नाप कराकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने बिना अनुमति के विद्युत विभाग की ओर से सड़क की खुदाई कराने पर नाराजगी जताई और अवर अभियंता विद्युत और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर डीडीओ दयाराम, बीएसए डा. राजेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी केजी सारस्वत, अधिशासी अभियंता आरईएस मायाराम वर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत एससी सोनौदिया उपस्थित रहे।