सिंगरामऊ। क्षेत्र के कबेली गांव की महिला की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को प्रसव के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मामले में महिला के परिवारीजन ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कबेली निवासी प्रदीप की पत्नी प्रमिला (30) को प्रसव पीड़ा होने पर एंबुलेंस से स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां एएनएम ने प्रसव कराया। महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। प्रसव के चार घंटे बाद उसकी तबीयत खराब होने लगी तो उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एएनएम की लापरवाही से मौत हुई। प्रसव के बाद से ही उसे रक्तस्राव हो रहा था। एएनएम ने पहले ही रेफर कर दिया होता तो प्रसूता का जान बच सकती थी। वह जब बेसुध हो गई तब उसे रेफर किया गया।