सतहरिया। तीन माह से वेतन नहीं मिलने से आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे नगर पालिका मुंगराबादशाहपुर के कर्मचारियों का गुस्सा मंगलवार को भड़क उठा। नाराज कर्मचारियों ने नगर पालिका परिषद के परिसर में प्रदर्शन कर दशहरा से पहले वेतन का भुगतान करने की मांग की।
नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर के कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन का भुगतान करने पर नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि यदि दशहरा के पूर्व वेतन नहीं दिया गया तो वे सामूहिक रूप से हड़ताल पर जाने के लिए विवश होंगे। कर्मचारियों के समर्थन में पहुंचे मार्क्सवादी नेता सुभाषचंद्र पटेल ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें जायज हैं जिसे अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। आवश्यकता पड़ी तो हमारा संगठन इनके साथ मिलकर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा है कि अधिशाषी अधिकारी गिरीश चंद्र के एक माह से अधिक समय से कार्यालय नहीं आ रहे हैं जिससे कर्मचारियों का वेतन व सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन बाधित हो गई है। इसके कारण वे भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। कर्मचारियों ने बताया कि कि नवरात्र का पर्व चल रहा है तथा दशहरा व मोहर्रम निकट है। वेतन नहीं मिलने से परिवार के भरण पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे में वेतन तीन दिन के अंदर भुगतान नहीं किया गया तो सफाई कार्य बाधित कर दिया जाएगा। दूसरी ओर अधिशासी अधिकारी के नहीं होने के कारण लोगों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। प्रदर्शन में विजय पटेल, जमीद अहमद, शकील ,भगवान दीन ,सलीम ,रईश अहमद ,कलीम ,मुश्ताक सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।