रामलीला समिति के सदस्यों के समर्थन में एसडीएम से बात करते भाजपा जिलाध्यक्ष
शाहगंज। रामलीला मैदान का विवाद न सुलझाने, बिजली आपूर्ति और सड़क दुरुस्त नहीं करने से नाराज रामलीला समिति के लोगों ने सोमवार की आधी रात कोतवाली चौक पर जाम लगा दिया। बारह घंटे तक चले जाम के दौरान आवागमन प्रभावित रहा। समिति के लोगों ने प्रशासनिक अफसरों पर असहयोग का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय ने लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया।
रामलीला समिति के लोग सड़कों की मरम्मत, सुचारू विद्युत आपूर्ति और रामलीला मैदान का विवाद सुलझाने की मांग प्रशासन से करते रहे हैं। आश्वासन के बाद भी समस्याओं को दूर नहीं किया गया। सोमवार को समिति के पदाधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि रामलीला मैदान पर दूकान लगाने के लिए अतिक्रमण करने वाले दूकानदार धमकी दे रहे हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। देर शाम कार्रवाई की जानकारी लेने समिति के लोग कोतवाली पहुंचे तो मामले की जांच कर केस करने की बात कही गई। बातचीत के दौरान एक दरोगा ने बदलापुर के विधायक रमेशचंद मिश्र की ओर से पैरवी करने की बात कही तो समिति के लोग भड़क गए। समिति के नाराज लोगों ने कोतवाली चौक पर प्रदर्शन किया और विधायक का पुतला जलाया। इसके बाद जाम लगा दिया। जानकारी होने पर एसडीएम जेएन सचान, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार पहुंचे और समिति के लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन पदाधिकारी एडीएम और विधायक बदलापुर को बुलाने की मांग पर अड़े थे। रात साढ़े बारह बजे जाम स्थल पर एफआईआर की कापी लेकर पहुंचे कोतवाल नरेंद्र प्रसाद ने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया। पूरी रात चले जाम की खबर सुबह लोगों को लगते ही चौक पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। दोपहर बारह बजे पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय, जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह व जिला उपाध्यक्ष अजित प्रजापति ने समिति के पदाधिकारियों व अधिकारियों के बीच वार्ता शुरू कराई। अष्टमी से भरत मिलाप तक चार दिन निर्बाध विद्युत आपूर्ति, एराकियाना से जेसीज चौक, अस्पताल रोड व दादरपुल की सड़क को मंगलवार दोपहर से मरम्मत करने, मैदान में अस्थायी पुलिस चौकी पर दरोगा व सिपाही की ड्यूटी लगाने के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष ने नागरिकों की शिकायत पर कोतवाल से कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में किसी तरह की कोताही न बरतें। फिलहाल जिलाधिकारी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग के अधिकारी समेत एडीएम व अपर पुलिस अधीक्षक नगर में कैंप कर रहे हैं।