मीरगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट और दलित उत्पीड़न के तहत केस दर्ज किया है। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। आरोपी युवक फरार हो गया है।
मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी शनिवार की शाम खेत की तरफ गई थी। आरोप है कि रास्ते से एक युवक ने उसका अपहरण कर लिया। बाइक पर बैठाकर उसे अपने घर ले गया जहां घर के एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इधर किशोरी को घर लौटने में देर हुई तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। किशोरी को ढूंढते हुए परिवार के लोग अगहुआ गांव में पहुंचे जहां किशोरी युवक के घर से बरामद हुई। किशोरी ने परिवार के लोगों को आपबीती सुनाई तो उन्होंने डायल 100 पर सूचना दी। पुलिस पहुंची लेकिन इससे पहले युवक घर से फरार हो गया। पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक अगहुआ गांव निवासी लालबहादुर यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसपी ग्रामीण संजय राय ने बताया कि अपहरण, दुष्कर्म, पाक्सो और दलित उत्पीड़न में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।