शाहगंज (जौनपुर)। स्तानीय कोतवाली क्षेत्र के कोरवलिया भादी गांव में बुधवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बाहर महिला की लाश पाए जाने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत का कारण पता नहीं चल सका है।
गांव निवासी नूरजहां बेगम (45) पत्नी स्व. आस मोहम्मद घर में एक बेटी के साथ अकेले रहती थी। बुधवार रात ग्यारह बजे घर के सामने से गुजर रहे लोगों ने महिला को जमीन पर पड़े देखकर घर के अंदर सो रही बेटी को खबर दी। महिला के नाक, कान व मुहं से खून बह रहा था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए महिला को राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।