जौनपुर। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने गुरुवार को आईजीआरएस की समीक्षा की। समय से शिकायतों का निस्तारण नहीं करने वाले 19 अधिकारियों का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश मुख्य कोषाधिकारी राकेश सिंह को दिया। जिसमें मुख्य चिकित्साधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, एक्सईएन नलकूप खंड जौनपुर, एक्सईएन शारदा सहायक खंड 39 इलाहाबाद, एक्सईएन ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक देहात, निरीक्षक अभिसूचना इकाई, परियोजना अभिकारी नेडा, अधीक्षण अभियंता विद्युत, जिला डाक अधीक्षक, सहायक आयुक्त प्रवर्तन वाणिज्यकर, एलडीएम, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपी स्टेट एग्रो लिमिटेड, अभिहीत अधिकारी खाद्य सुरक्षा औषधि, परियोजना अधिकारी डूडा, अधिशासी अधिकारी नगरपंचायत केराकत, एक्सईएन नगरपंचायत बदलापुर हैं। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि मूल्यांकन रिपोर्ट से स्पष्ट होता है कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की मार्किंग समय से नहीं करने, संदर्भों का निस्तारण निर्धारित समयावधि में नहीं करने व गुणवत्तापूर्ण नही करने के कारण सी श्रेणी में वापस प्राप्त संदर्भों के पुन: निस्तारण में देरी होने के कारण कम अंक प्राप्त होते हैं। उक्त के कारण शासन स्तर पर जिले की छवि खराब हुई है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1596 शिकायतें लंबित हैं। जिसमें समयावधि के अंतर्गत कुल 1366 व समयावधि के उपरांत 230 शिकायतें लंबित हैं। जिला स्तरीय समयावधि अंतर्गत कुल 415 शिकायतें लंबित हैं। जिसमें समयावधि में 351 व समयावधि के उपरांत 64 लंबित शिकायत हैं। तहसील स्तरीय कुल 793 शिकायतें लंबित हैं। जिसमें समयावधि में 695 व समयावधि के उपरांत 98 शिकायतें लंबित है। ब्लाक स्तरीय कुल 130 शिकायतें लंबित हैं। जिसमें समयावधि अंतर्गत 87 व समयावधि के उपरांत 43 शिकायतें लंबित हैं। थाना स्तरीय कुल 229 शिकायतें लंबित हैं। जिसमें समयावधि में 208 व समयावधि के उपरांत 21 शिकायतें लंबित हैं। शासन एवं राजस्व परिषद स्तरीय कुल 29 शिकायतें लंबित हैं। जिसमें समयावधि अंतर्गत लंबित 25 व समयावधि के उपरांत चार शिकायतें लंबित हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समय से गुणवत्तापूर्ण शिकायतों का निस्तारण करने और ऐसा नहीं करने वाले के विरुद्घ सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया।