मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के पुरऊपुर के पास बुधवार को दोपहर हुए सड़क हादसे में टेंपो चालक समेत चार लोग घायल हो गए। चारों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाहाबाद से सिविल लाइन्स डिपो की बस सवारी लेकर जौनपुर की तरफ जा रही थी। बस के आगे आगे एक टेंपो भी चल रहा था। पुरऊपुर के पास अचानक चालक ने टेंपो मोड़ दिया। इस दौरान बस टेंपो से टकरा गई। सड़क की पटरी से होकर पैदल ही जा रहे मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के नारायणडीह गाँव निवासी संगीता (40) पत्नी हरिशंकर व उनका बेटा सूरज (20), अखिलेश (7) टेंपो के धक्के से घायल हो गए। टेंपो चालक सतीश मिश्र निवासी छनैता भी घायल हो गया। चारों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया जहां चारों को बेहतर चिकित्सा के लिए जौनपुर भेज दिया गया।