सिकरारा (जौनपुर)। अनियमित कटौती व लो बोल्टेज से आक्रोशित आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को ब्लाक संयोजक राजेश सिंह के नेतृत्व में विद्युत उपकेंद्र सिकरार का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया।इस दौरान 18 घंटे बिजली देने व लो बोल्टेज की समस्या से निजात देने की मांग की। साथ ही अधिशासी अभियंता को मांग पत्र सौपा।
आप कार्यकर्ताओं के साथ धरने में विद्युत उपकेन्द्र पर पहुंचे क्षेत्र के किसान नारेबाजी कर बिजली विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों पर मनमानी रवैया अख्तियार करने का आरोप लगाया। प्रदेश प्रवक्ता डा.अनुराग मिश्र ने कहा कि योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। जिससे किसान सहित आमजन परेशान है।किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमरनाथ यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों का दुश्मन है। ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा गांवों में 18 घंटे बिजली देने का दावा कर रही है। जबकि क्षेत्र में मुश्किल से 4 से 6 घंटे बिजली मिल पा रही है। मो. आजम ने कहा कि झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा सरकार में पानी के अभाव में तैयार फसल बर्बाद हो रही है। सुनील यादव ने कहा कि लो बोल्टेज के कारण पम्पिंग सेट व आवऋश्यक घरेलू सामान शो पीस बनकर रह गया है। ठाकुर प्रसाद सिंह व दुष्यजंत सिंह ने कहा कि उमसभरी इस गर्मी में बिजली के अभाव में जीना मुश्किल हो गया है। अतुल कुमार ने कहा कि उपकेन्द्र की दयनीय स्थिति से सांसद व विधायक भी वाकिफ है।लेकिन वो लोग भी मौन धारण किये हुए है। एसओ सिकरारा विमल प्रकाश राय ने लोगों को समझा बुझा कर धरना समाप्त करना चाहा।लेकिन लोग अधिशाषी अभियंता को बुलाने पर अड़े रहे। बाद में धरना स्थल पर पहुंचे अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह ने आप कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेकर समस्याओं को दूर करवाने का आश्वाशन दिया । इस अवसर पर सूर्यनाथ सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, शोभनाथ, रविंद्र सिंह, रमाशंकर यादव, तिलकधारी, जमुना निषाद व प्रमोद निषाद आदि प्रमुख थे।