जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बीटेक के छात्र अलौकिक जैन की मौत के बाद परिसर में माहौल बिगाड़ने और छात्रों को हंगामा के लिए उकसाने के मामले ने तीन छात्रों को 15 दिन के लिए बाहर कर दिया है। तीनों छात्रों को परिसर में प्रवेश न करने को कहा गया है। साथ ही विवि प्रशासन ने तीनों छात्रों से स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र राज श्रीवास्तव, बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र शहनवाज खां और बीटेक मेकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र शम्स आलम को विवि प्रशासन ने बाहर का रास्ता दिखाया है। विवि प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जो भी छात्र परिसर में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच के बाद ही उनकी वापसी की जाएगी। बता दें कि आठ सितंबर को बीटेक के छात्र अलौकिक जैन की मौत के बाद कई दिन परिसर में छात्रों ने हंगामा किया जिसके कारण पठन पाठन बाधित रहा।