जौनपुर। जिले के मदरसों में भी आजादी का जश्न धूम धाम से मनाया गया। ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। जहां बच्चों ने आजादी के तराने गाए। गौराबादशाहपुर के सुरैला मोड़ स्थित एक मदरसे में ध्वजारोहण न होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद एक बजे ध्वजारोहण किया गया।
जिले में 335 मदरसे हैं। जिसमें 25 अनुदानित और 310 मान्यता प्राप्त मदरसे हैं। मडिय़ाहूं स्थित मदरसा जौहरुल ऊलूम में पेश इमाम मौलाना जहीरुद्दीन ने ध्वजारोहण किया। छात्रों ने राष्ट्रगान भी गाया और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मुफ्तीगंज के जानियां मदरसे में तारिक अस्लम ने झंडा फहराया और राष्ट्रगान कराया। खेतासराय क्षेत्र के मदरसा अहले सुन्नत एजाजुल ऊलूम में ध्वजारोहण किया गया। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। अपने उद्बोधन में नाजिम सैय्यद ताहिर ने कहा कि आजादी की लड़ाई में उलेमा की कुर्बानियों के बावजूद मदरसों से देश भक्ति का प्रमाण मांगा जा रहा। जो दुखद है। क्षेत्र के ही मदरसा दर्शगाहे इस्लामी मारुफपुर असमा अरबिक कालेज में ध्वजारोहण हुआ। जलालपुर के मदरसा चश्मेहयात रेहटी में प्रधानाचार्य अब्दुल वाली ने झंडा फहराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान को लेकर यूपी सरकार की ओर से जो निर्देश है उसका तो पहले से ही रिवाज रहा है। बरसठी के मदरसा जामियां दारुल इस्लाम शेखपुर गोपालापुर में प्रबंधक तौहीद आलम ने झंडारोहण किया।