जौनपुर। सरकार के स्वच्छता अभियान को खुद जिला पंचायत विभाग पलीता लगा रहा है। किसी ब्लाक में मानक से अधिक तो किसी ब्लाक में मानक से कम सफाईकर्मी तैनात हैं। हालत यह है कि किसी गांव में दो से अधिक सफाई कर्मचारी तैनात हैं तो किसी गांव में एक भी सफाई कर्मचारी तैनात नहीं हैं। सफाई कर्मचारियों के तैनात नहीं रहने वाले गांवों में सफाई व्यवस्था परवान नहीं चढ़ पा रहा है। ऐसा किस लिए किया गया है। इसका कोई जवाब विभाग के पास नहीं हैं। वैसे विश्वस्त सूत्रों की मानें तो कई सफाई कर्मचारी अपनी पहुंच के बल पर तो अधिकांश की ओर से सुविधा शुल्क देकर तैनाती ली गई है।
राजस्व गांवों में सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जिससे वे गांव की सफाई का कार्य करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के उददेश्य को भी पूरा करें। इसके तहत जिले में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जिले में 1773 ग्राम पंचायतों में 3386 राजस्व गांव हैं। इनमें से 3335 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इस दौरान 51 राजस्व गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती नहीं हो पाई है। इसके अलावां भी 453 राजस्व गांवों में सफाई कर्मचारी नहीं तैनात है। जबकि 402 राजस्व गांवों में दो से अधिक सफाई कर्मचारी तैनात हैं। वहीं जिला पंचायत राज कार्यालय के आंकड़े को देखा जाए तो जिले के सभी 21 ब्लाकों में से 10 ब्लाकों में राजस्व गांव की अपेक्षा अधिक सफाई कर्मचारी तैनात हैं। जिसमें करंजाकला ब्लाक में 76, सिकरारा में 46, बक्शा में 30, धर्मापुर में 37, सिरकोनी में 64, केराकत में 14, जलालपुर में 98, मुफ्तीगंज में 25, डोभी में 02 और मड़ियाहूं में 10 अधिक सफाई कर्मचारी तैनात हैं। जबकि 11 ब्लाकों में स्थित राजस्व गांवों की अपेक्षा सफाई कर्मचारी कम तैनात हैं। जिसमें शाहगंज ब्लाक में 26, सुइथाकला में 31, खुटहन में 18, मछलीशहर में 34, सुजानगंज में 96, मुगराबादशाहपुर में 33, रामपुर में 09,रामनगर में 01, बरसठी में 81, बदलापुर में 46 व महराजगंज में 78 सफाई कर्मचारी कम तैनात हैं। पंचायत राज अधिकारी, सुधीर कुमार श्रीवास्त ने बताया कि पहले के अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों की तैनाती जहां की थी, तभी से वे वहां तैनात हैं। हालांकि मामला संज्ञान में आने के बाद एक राजस्व गांव में एक सफाई कर्मचारी तैनात करने का आदेश जिलाधिकारी से ले लिया गया है। शीघ्र ही यह व्यवस्था सुनिश्चित करा दी जाएगी।