सिंगरामऊ । सुल्तानपुर-जफराबाद रेल प्रखंड पर दस घंटे बाद सोमवार की देर रात ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सका। हरपालगंज स्टेशन के पूरब रजनीपुर रेलवे क्रासिंग के पास बुश टूटने से मालगाड़ी दो भागों में बंट गई थी। मालगाड़ी के पांच वैगन बेपटरी हो गए थे जिससे उक्त रेल प्रखंड पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे रेलवे विभाग के अधिकारियों ने सब कुछ ठीक कराकर सोमवार को रात 11.32 बजे ट्रेनों का आवागमन शुरू करा दिया।
लखनऊ से बनारस जा रहीं मालगाड़ी हरपाल गंज स्टेशन से पास हो रही थी। तभी ट्रेन को झंडी दिखा रहे आलोक कुमार की निगाह उसके चक्के पर पड़ी। चक्का बबलिंग कर रहा था। उसने इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक राम अवध को दी। इसके बाद उन्होंने वाकी टाकी से चालक से बात कर ट्रेन रोकवा दी। साथ ही विभाग के उच्चाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दिया। मालगाड़ी रुकते ही दो भाग में बट गई। साथ ही पांच वैगन बेपटरी हो गए । उधर सूचना पाकर मौके पर बरिष्ठ खंड अभियंता रेलपथ सुल्तानपुर योगेश सक्सेना ,सहायक मंडल अभियंता अभिषेक ,सीआरटी धनखड़ ,यातायात निरीक्षक सुल्तानपुर, जौनपुर ,आरपीएफ के अधिकारी पहुंच गए। बनारस व फैजाबाद से क्रेन मंगाकर बेपटरी हुए वैगन को पटरी पर किया गया। मालगाड़ी के इंजन सहित अलग हुए वैगन को स्टेशन लाया गया। क्षतिग्रस्त पटरी को भी मरम्मत किया गया। इसके बाद सोमवार की रात 11.32 बजे ट्रेनों का आवागमन शुरू हो गया ।