जैनपुर। रक्षाबंधन पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से सोमवार को तिलकधारी महाविद्यालय परिसर में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें रक्षाबंधन का महत्व बताया गया। इस दौरान बहनों ने लोगों को राखी बांधी।
अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य व राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संयोजक इंद्रेश कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन सभी धर्म और जाति के लोगों का पर्व है। रक्षाबंधन उत्सव संघ का महत्वपूर्ण उत्सव है। संघ ने भगवा ध्वज को गुरु के रूप में माना है जो आन बान और शान का प्रतीक है। 1925 में विजया दशमी पर डा. केशव अलिराम हेडगेवार ने संघ के रूप में एक राष्ट्रवाद का आंदोलन शुरू किया था, जो विश्व के लिए मानवता का आंदोलन है। कहा कि प्राय: युद्ध के समय जाते समय महिलाएं पुरुषों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर देश की संस्कृति, धर्म की रक्षा का शपथ दिलाती हैं। रक्षा बंधन ईश्वर के सत्य को समझाता ही नहीं बल्कि ईश्वर का दर्शन कराता है। यह पर्व नारी की सुरक्षा व संस्कृति की रक्षा का उत्सव है। इस अवसर पर कुलपति राजाराम, प्रबंधक अशोक सिंह, डा.प्रमोद, वेद प्रकाश, शिव प्रकाश रमेश व आशीष सहित मुस्लिम बहने व शिया धर्म गुरु मौजूद रहे।