घनश्यामपुर । बदलापुर थाना क्षेत्र के देवापट्टी गांव में शनिवार की रात कच्चे मकान का एक हिस्सा गिरने से उसमें दबकर मां-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार वालों की मानें तो सूचना देने के लिए 108 पर काल किया गया लेकिन फोन नहीं उठा।
देवापट्टी निवासी दिनेश तिवारी के कच्चे मकान का कुछ हिस्सा शनिवार की रात को 12 बजे अचानक गिर गया। इससे घर के अंदर सो रही उनकी बहू रुचि (25) पत्नी मोनू और उसका पुत्र नमन (4) मलबे में दब गए। मकान गिरने की आवाज सुन आस-पास के लोग जुट गए। जहां काफी देर बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। हालत गंभीर देख परिजनों ने काफी देर तक 108 एम्बुलेंस बुलाने का प्रयास किया लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद 100 नंबर डायल किया। इसके बाद 100 नंबर की पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।