शाहगंज/जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के अर्गूपुर धौरहरा निवासी युवक की हत्या कर बिलवाई रेलवे स्टेशन के आउटर के पास ट्रैक पर फेंकी गई प्रदीप जायसवाल (17) की लाश देखकर शुक्रवार को ग्रामीण भड़क गए। क्रुद्ध ग्रामीणों ने बीबीपुर तिराहे पर शव सड़क पर रखकर अखंडनगर, अर्सियां व शाहगंज मार्ग जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने बाजार की दूकानें बंद करा दीं। मामला तनावपूर्ण देखकर मौके पर पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई। बाद में पुलिस अधिकारियों ने कोतवाल और चौकी प्रभारी का निलंबन करने का आश्वासन देकर पांच घंटे बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस घटना का कारण प्रेम प्रसंग बता रह है।
अर्गूपुर निवासी प्रदीप जायसवाल (17) के पिता जोखन की बीबीगंज बाजार में इलेक्ट्रिक की दूकान है। पुलिस का कहना है कि आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से प्रदीप का प्रेम प्रपंच चल रहा था। प्रदीप के गांव में ही युवती की ननिहाल है। इसकी जानकारी युवती के घर वालों ने प्रदीप को हिदायत दी थी। बताया जा रहा है कि प्रदीपक गुरुवार की शाम दूकान पर बैठा था कि उसी दौरान दो लोग बाइक से आए और उसे अपने साथ ल गए। देर रात तक प्रदीप के घर न लौटने पर परिजनों का युवती पक्ष के लोगों से कहासुनी हुई तो किसी इसकी सूचना डायल 100 पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रदीप के भाई समेत चार लोगों को लेकर बीबीगंज चौकी पहुंची जहां से उन्हें कोतवाली भेज दिया गया। चारों को पूरी रात थाने पर बैठाए रखा गया। शुक्रवार की सुबह सात बजे रेलवे ट्रैक की ओर से गुजर रहे लोगों ने ट्रेक पर पड़ी लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। गांव के लोग रेलवे ट्रेक पर पहुंचे तो मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में की। इस घटना को प्रदीप के परिवार वालों समेत गांव के लोगों ने प्रदीप के भाई मनोज कुमार जायसवाल को पूरी रात थाने पर बैठाने और अपेक्षित कार्रवाई न करने का आरोप पुलिस पर लगाते हुए हंगामा किया। नाराज लोगों ने बाजार समेत यूनियन बैंक की शाखा को बंद कराते हुए बीबीगंज तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम लगने के दो घंटे बाद पहुंचे कोतवाल को देखकर लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे सीओ अवधेश कुमार व एसडीएम जेएन सचान ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नही हो सके। लोगों की नाराजगी देख सर्किल के थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात कर दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार पांडेय, एडीएम रमेश प्रकाश मिश्र भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बीबीगंज चौकी प्रभारी व सिपाहियों, कोतवाल एवं डायल 100 पर तैनात दरोगा पर कार्यवाही करने और सरकार से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन देकर पांच घंटे बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी डा. एके पांडेय ने बताया कि मृतक के भाई प्रमोद जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
00
युवक की मौत मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सचाई सामने आएगी।-शैलेश पांडेय, पुलिस अधीक्षक