जौनपुर। जिले में राशनकार्डों के सत्यापन सत्यापन का कार्य सोमवार को पूरा कर लिया गया। अब विभाग अपात्र पाए गए राशन कार्ड धारकों की रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है। जिलापूर्ति विभाग की मानें तो तीस हजार से अधिक राशन कार्ड धारक अपात्र पाए गए हैं। जिले में कुल सात लाख 35 हजार राशन कार्ड धारक अंत्योदय व पात्र गृहस्थी के हैं।
जिले में 1773 ग्राम पंचायतों में 2015 कोटे की दूकानें हैं। इन दूकानों से जुडे एक लाख 25 हजार अंत्योदय और छह लाख 10 हजार पात्र गृ़हस्थी राशन कार्ड धारक हैं। राशनकार्डों का सत्यापन करने की तिथि सोमवार को समाप्त हो गई। इसकी जिम्मेदारी लेखपाल व आंगनबाड़ी सहित जिलापूर्ति विभाग के कर्मचारियों को दी गई थी। सत्यापन का कार्य मई माह में शुरू हुआ था। इस दौरान लेखपाल व आंगनबाड़ी सहित अन्य कर्मचारी घर-घर जाकर राशन कार्ड धारकों का सत्यापन किया था। हालांकि सत्यापन कार्य में लगे कई कर्मचारियों की ओर से सत्यापन रिपोर्ट नहीं दी गई है। विभाग सत्यापन रिपोर्ट जुटाने में लगा है लेकिन विभाग की मानें तो सत्यापन में लगभग 30 हजार से अधिक राशनकार्डधारक पात्र पाए गए हैं। जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि सत्यापन में तीस हजार से अधिक राशनकार्ड धारक अपात्र पाए गए हैं। हालांकि अभी सत्यापन रिपोर्ट जुटाने का कार्य किया जा रहा है। दो-तीन दिन के अंदर वास्तविक स्थिति का पता चल पाएगा। वैसे सत्यापन के बाद अब अपात्र पाए जाने पर संबंधित राशन कार्ड धारकों से खाद्यान्न की रिकवरी करने के साथ ही उनके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा। इसके लिए रणनीति बनाई जा रही है।