मडियाहूं (जौनपुर)। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने सोमवार को नगर फल, सब्जी और मिठाई की दूकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई देख कई दूकानदार अपनी दूकानें बंद कर भाग गए। इस दौरान उन्होंने दूकानदारों को लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं को प्रिंटेड पेपर के दोने में समोसा, मिठाई आदि न दें। ऐसा करने पर दूकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉक्टर तूलिका शर्मा ने सोमवार को नगर में फल, सब्जी व मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। उन्होंने उपभोक्ताओं को भी जागरूक किया कि वह प्रिंटेड पेपर और प्रिंटेड कागज के दोने में समोसा मिठाई आदि वस्तुएं ना लें। प्रिंटेड पेपर में गरम समोसे रखने से लेड ऑक्साइड खाद्य पदार्थ में मिलकर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने खुले में रखे कटे फलों व सब्जियों को नष्ट करवाया और दुकानदारों को हिदायत दी कि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी पाई गई तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिन दुकानदारों द्वारा लाइसेंस अभी तक नहीं बनवाया गया है, वे तुरंत बनवा लें। पैकेट पर एफएसएसए नंबर देखकर ही खरीदें। यदि पैकेट पर यह नंबर नहीं है तो उसे न खरीदें । शीतल पेय व अन्य खाद्य पदार्थ लेते समय उनकी पैकिंग तिथि व खराब होने की तिथि देख कर ही ले। हालांकि उन्होंने आज किसी भी दुकानदार का नमूना नहीं लिया । डा. शर्मा ने भगत सिंह चौराहे पर मौजूद क्षेत्र की जनता को जागरूक किया।