िविधायक को ज्ञापन देते शिक्षामित्र
जौनपुर। सहायक अध्यापक पद पर समायोजन बहाल करने की मांग लेकर आंदोलित शिक्षामित्रों ने रविवार को बदलापुर के भाजपा विधायक रमेश मिश्र के शहर के विशेश्वरपुर मुहल्ले में स्थित आवास का घेराव किया। इस दौरान शिक्षामित्रों ने नारेबाजी की। इस दौरान घर से बाहर आए विधायक ने कहा कि तीन अगस्त को पूर्वांचल विश्वविद्यालय में उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा आने वाले हैं। वह शिक्षामित्रों के प्रतिनिधिमंडल की उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कराएंगेे। उनकी हर संभव मदद को वह तैयार हैं। विधायक को पत्रक देने के बाद शिक्षामित्र बीएसए कार्यालय पहुंचे जहां धरना दिया।
आंदोलित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र रविवार को बीएसए कार्यालय पहुंचे। यहीं से संगठन के जिलाध्यक्ष संदीप यादव, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष दुर्गा मौर्या की अगुवाई में जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते विधायक रमेश मिश्र के आवास पर पहुंचे। शिक्षामित्रों ने विधायक के आवास के बाहर जमकर नारेबाजी की। अपनी मांग से संबंधित प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पीएम और सीएम को संबोधित पत्रक विधायक को दिया। विधायक रमेश मिश्र ने ेभरोसा दिया कि उनका पत्रक वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाएंगे। इसके अलावा उन्हें उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा के सामने अपनी बात रख्रने का मौका दिलवाएंगे। डा. दिनेश शर्मा तीन अगस्त को पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आ रहे हैं। विधायक ने भरोसा दिया कि शिक्षामित्रों के प्रतिनिधिमंडल को वह डिप्टी सीएम से मिलने का मौका दिलवाएंगे। वहां से शिक्षामित्र फिर नारेबाजी करते जुलूस के साथ वापस बीएसए कार्यालय पहुंच गए जहां बनाए गए स्थायी मंच पर धरने पर बैठ गए। यहां प्राथमिक शिक्षक संघ के अलावा आंगनबाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष सुनीता यादव ने भी शिक्षामित्रों के इस आंदोलन को समर्थन दिया। धरना सभा को प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अरविंद शुक्ल, सत्येंद्र सिंह राणा, लाल साहब यादव ने भी संबोधित किया। कहा कि उनकी लड़ाई में प्राथमिक शिक्षक संघ साथ है। (ब्यूरो)