मछलीशहर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के टेकारडीह गांव की मुसहर बस्ती में पुरानी रंजिश को लेकर हुई कहासुनी के दौरान मनबढ़ युवक ने अपने चचेरे भाई पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को बीएचयू में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
टेकारडीह गांव की मुसहर बस्ती में सोमवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दोनों चचेरे भाइयों में कहासुनी हो रही थी। मनबढ़ युवक ने चाकू से वार कर दिया जिससे सुबेदार बनवासी (22) घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया जहां से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर उसकी तलाश में जुट गई है।