जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के चुनाव के लिए विवि में दो बूथ बनाए गए हैं। मतदान 19 जुलाई की सुबह सात बजे से शुरू होगा। मतदान के दिन सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेज दिया है। सरायख्वाजा पुलिस के अलाव विवि पुलिस चौकी प्रभारी को भी सुरक्षा मुहैया कराने के लिए पत्र भेज दिया गया है।
चुनाव अधिकारी डा. संतोष कुमार ने बताया कि चुनाव की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान में 415 कर्मचारी हिस्सा लेंगे। शैक्षणिक मीटिंग हाल में मतदान सुबह सात से दो बजे तक होगा। मतदान खत्म होने के बाद तीन बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। डा. संतोष ने कहा कि मतदान केे लिए सभी प्रत्याशियों की बैठक कर उन्हें चुनाव के नियमों का अनुपालन कराने के साथ सहयोग करने की अपील की गई है। प्रत्याशियों को मतदान से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया को बता दिया गया है। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी से सहयोग मांगा गया है। उधर सभी पदों के प्रत्याशियों ने सोमवार को चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दिया है। समय कम होने के कारण सभी पदों के प्रत्याशी दिन भर कई चक्रों में हर टेबल पर जा कर अपने पक्ष में वोट मांगा।