जौनपुर। जिले में अलग- अलग हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौराबादशाहपुर: क्षेत्र के शेरवलिया गांव निवासी अजय कुमार यादव (18) पुत्र खरभान यादव रात में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गौराबादशाहपुर के पास घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। खेतासराय: क्षेत्र के मनेछा चकसा गयास निवासी करमपाल बिन्द (23) पुत्र रामअछैवर बिन्द रात क़रीब 11 बजे अपने घर से बाइक से खेतासराय आरहा था। बादशाही पेट्रोल पम्प के पास खड़ी ट्रक से टकरा गया। एम्बुलेंस से सीएचसी ले जाया गया जहां से डाक्टर ने रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मछलीशहर: कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य पंधारीलाल बिन्द (45) अपनी पत्नी आरती (40) व भाई अवधेश कुमार (42) एक ही बाइक से कडे़मानीकपुर जाने के लिए निकले थे। प्रतापगढ़ के आगे बाइक से अनियंत्रित होकर गिर पड़े। और पीछे से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आने से आरती की मौत हो गई। इलाहाबाद कौशाम्बी निवासी दिनेश सेठ (कल्लू) निजी कार्य से मछलीशहर आये हुए थे। रोडवेज की बस से चुंगी चौराहे पर उतर रहे थे। बस से पूरी तरह से उतर नहीं पायें थे की असन्तुलित होकर बस के पायदान से नीचे गिर पड़े। नीचे सड़क पर गिरते ही उनके सिर में काफी चोट आ गई। स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बक्शा: क्षेत्र के लखनीपुर गांव स्थित रेलवे क्रासिंग के पास रविवार दोपहर ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गयी। महराजगंज थाना क्षेत्र के दिलशाद पुर गांव निवासी लालजी सेठ का 24 वर्षीय पुत्र सदल कुमार सेठ दोपहर करीब दो बजे लखनीपुर रेलवे क्रासिंग के पास आया था। परिवारजनों के अनुसार मन्द बुद्धि का सदल अचानक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।