शहर कोतवाली क्षेत्र के धरनीधरपुर मोहल्ले में मंगलवार को पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी छापेमारी की। इस दौरान 25 लीटर देशी शराब और डेढ़ हजार किलोग्राम लहन पकड़ी गई।
पुलिस की छापेमारी से यहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने तकरीबन 25 भट्ठियां नष्ट कीं और भारी मात्रा में शराब बनाने का उपकरण बरामद किया। मोहल्ले में बड़े पैमान पर देशी शराब बनाई जाती है।
लखनऊ के मलिहाबाद इलाके के दतली गांव में जहरीली शराब के सेवन से 25 लोगों की मौत के बाद पुलिस और प्रशासन के कान खड़े हो गए।
दतली की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इससे बचने के लिए मंगलवार को जिला आबकारी अधिकारी देव नारायण दुबे के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी सदर ज्ञानेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामजी सिंह यादव, सीओ सिटी अभिषेक सिंह, कोतवाली प्रभारी सीबी सिंह, आबकारी निरीक्षक नंदलाल चौरसिया ने धरनीधर पुर मोहल्ले में औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से अवैध शराब का धंधा करने वालों में खलबली मच गई।
पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने चारों ओर से मोहल्ले को घेर लिया। इस दौरान चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। मोहल्ले के बाहर नाले पर स्थित झाड़-झंखाड़ और नरकट में अवैध शराब और लहन छिपाकर रखी जाती है।
पुलिस ने वहां तलाशी ली। इस दौरान जगह-जगह गाड़े गए डिब्बों में 1500 किलोग्राम लहन बरामद की गई। लहन को पुलिस ने वहीं नष्ट करवा दिया।
साथ ही पुलिस ने 25 लीटर अवैध शराब भी बरामद किया। 25 भट्ठियां भी तोड़ दी गईं। पुलिस ने तकरीबन दो घंटे तक छानबीन की।