शहीद संतोष यादव के परिवार से मिलने आ रहे मुख्यमंत्री का इंतजार करते कमिश्नर और आईजी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रविवार को न आने की खबर मिलते ही शहीद दरोगा संतोष यादव के घर वालों को मायूस कर दिया। क्योंकि वह अपने मन की व्यथा मुख्यमंत्री से ही साझा करना चाहते थे।
मायूस पत्नी मिथिलेश, बेटा निखिल, बिटिया श्रेया और मां अभिराजी देवी को प्रदेश के आवास विकास परिषद के उपाध्यक्ष अरुण दुबे ने स्थानीय विधायक ओम प्रकाश बाबा दुबे की तरफ से प्रदत्त पांच लाख रुपये का चेक जैसे ही दिया शहीद की पत्नी आंसू नहीं रोक सकीं।
वहां मौजूद डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री 15 या 16 जून तक किसी भी समय आ सकते हैं।अरुण दुबे ने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की कोई भी जरूरत इस परिवार को पड़ी तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी मिथिलेश को दिया।
इससे पूर्व महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने भी शहीद की पत्नी को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री डा. केपी यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत राजबहादुर यादव, संगीता यादव, विकास यादव, चंद्रप्रकाश यादव आदि के साथ काफी संख्या में लोग मौजूद थे।