शाहगंज। हिन्दू युवा वाहिनी की ओर से बुधवार की रात कैंडिल मार्च निकालकर अनंतनाग में हुए आतंकी हमले में मारे गए यात्रियों को श्रद्धांजलि दी। जेसीज चौक पर दो मिनट का मौन रखकर शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। वाहिनी के जिला प्रभारी श्रीष मोदनवाल के नेतृत्व में रामलीला भवन चौक से मोमबत्ती जलाकर निकाला गया जुलूस लोहामण्डी, कोतवाली चौक, डाकखाना तिराहा, हुसैनगंज मोहल्ला होते हुए जेसीज चौक पहुंचा। जहां दो मिनट का मौन रखकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रीश मोदनवाल ने कहा कि पाकिस्तान अपने कायरतापूर्ण रवैये से बाज नहीं आ रहा है। दर्शनार्थियों पर हुई इस हमले से सीख लेकर पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। इस अवसर पर नरेन्द्र गुप्ता, हिमांशु यादव, सुशील सेठ बागी, भुवनेश्वर मोदनवाल, पवन जायसवाल, इशान, रवि, प्रज्ञेश कुमार आदि मौजूद रहे।