सुजनगंज। अमरनाथ यात्रा के दौरान आतंकवादी हमले के बाद पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पूर्वांचल में कांवरियों के आने जाने वाले मार्ग से लेकर मुख्य मंदिरों की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस महकमे को अलर्ट कर दिया गया है। इसी क्रम में गौरीशंकर धाम सुजनगंज की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से मंदिर परिसर में 10 सीसीटीवी कैमरे और लगा दिए गए।
पूरे सावन भर मंदिर में शिवभक्त भगवान को जलाभिषेक करने आते हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है । प्रशासनिक अधिकारी भी श्रद्धालुओं व कांवरियों की सुरक्षा को लेकर चौकन्ने हैं। मंदिर पर पूरे सावन महीने भर के लिए एक प्लाटून पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं व भीड़भाड़ वाले दिन आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिसबल व एलआईयू की टीम तैनात रहेगी। जो संदिग्धों पर नजर रखेगी। सावन के महत्वपूर्ण दिनों पर उपजिलाधिकारी क्षेत्राधिकारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मंदिर की निगरानी करेंगे ।