मड़ियाहूं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मैनपुर गांव निवासी एक अधेड़ महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार की सुबह कमरे में लटकता शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिकरारा थाना क्षेत्र के पांडेपुर गांव निवासी त्रिभुवन पांडेय अपनी पत्नी के साथ मडियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मैनपुर गांव में नवासे पर रहता था। ग्रामीणों के अनुसार उसका पुत्र गांव के कई लोगों से काफी रुपया कर्ज लिया था। जिसके कारण वह अपनी संपत्ति मैनपुर से बेचकर अपने घर पांडेपुर जाना चाहता था। उस पर रुपया देने वाले दबाव बना रहे थे और वह किसी का रुपया वापस नहीं करना चाहता था। रविवार की सुबह त्रिभुवन पांडे की पत्नी तारा पांडेय (55) की अपने घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकता शव पाया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। मृतका के पति त्रिभुवन पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।