बरईपार। मछलीशहर तहसील क्षेत्र के उपकेंद्रों पर संविदा पर तैनात विद्युत कर्मियों ने विद्युत उपकेन्द्र मछलीशहर पर अपनी मांगों को लेकर एसडीओ का घेराव किया। आठ सूत्री मांगों से संबोधित पत्रक सौंपा। मांगे नहीं माने जाने पर आंदोलन करने की चेतवानी दी। कहा कि यदि विभाग हमारी मांगें नहीं मानता है तो आंदोलन जारी रहेगा।
संघ जिला महामंत्री अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में अपनी आठ सूत्रीय मांगो को लेकर मछलीशहर नगर के विद्युत उपकेन्द्र पर तैनात एसडीओ एम प्रसाद का का घेराव किया। विद्युत कर्मियो के अनुसार पूर्व में दिए ज्ञापन पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। हम लोगों को विभाग की तरफ से सिर्फ कोरा आश्वासन दिया जा रहा है। विद्युत कर्मियों ने आरोप लगाया की हम सब आम नागरिकों को सहूलियत को देखते हुए चौबीस घंटे अपनी जान पर खेलकर कार्य करते है। विद्युत कर्मियों ने कहा की जो रूपए आ रहा है वह सीधे हमारे खाते में भेजा जाए। सीपीएफ काटने की रसीद दी जाए। शिफ्ट निर्धारित कर हम सब के पहचान पत्र उपलब्ध कराये जाए। दुर्घटना बीमा के साथ अन्य सहूलियतें भी उपलब्ध कराई जाए। यदि जल्द हमारी मांगों पर विचार नहीं की गया तो हम सब अनिश्चित कालिन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
घेराव में तहसील क्षेत्र के मुंगरा बादशाहपुर, सुजानगंज, पंवारा, बरईपार, बंधवा, जमालपुर, मछलीशहर समेत नगर क्षेत्र में कर्मचारी शामिल थे। एसडीओ एम प्रसाद ने उनकी मांगो को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष राजेश चौरसिया, विजय पाल, अरविन्द सिंह, अवदेश पटेल, चिंतामणि, रंजीत गौतम, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।