शाहगंज। शाहगंज तहसील को जिला बनाने की मुहिम छेड़ने वाले कांग्रेसी नेता इंद्रमणि दूबे ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा को सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि कानपुर के बाद उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी गल्ला मंडी के रूप में मशहूर शाहगंज तहसील पूरे जनपद में सबसे ज्यादा राजस्व देने वाली तहसील है। 15 लाख से अधिक आबादी वाली तहसील है। कांग्रेसी नेता इंद्रमणि दूबे चार अगस्त 2008 को तत्कालीन मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर जिला मुख्यालय बनाने की मुहिम की शुरुआत की थी। सौंपे गए पत्रक में कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सरकार की उपेक्षाओं के चलते शाहगंज का आर्थिक, भौतिक और रचनात्मक विकास बाधित हो रहा है। 10 वर्ष का समय व्यतीत होने के बाद भी इस ज्वलंत मुद्दे पर सरकार संवेदनशील नजर नहीं आ रही है। इस बाबत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा को सौंपा। इस दौरान राजदेव यादव, प्रशांत अग्रहरि, जया दूबे, रवि शंकर वर्मा, मुजीबुद्दीन, मंसूर अली, मनोज प्रजापति, अतुल कुमार राजभर, मो. शारिक खान, ज्ञानचंद्र, राजीव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।