जौनपुर। आठ माह के बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान करने की मांग को लेकर विद्युत मजदूर पंचायत का अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्यालय के सामने चल रहा अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान मांगों को शीघ्र पूरा करने की आवाज बुलंद की गई।
वक्ताओं ने बताया कि विभाग में वाह्य एजेंसी के माध्यम से विद्युत उपकेंद्रों पर उपकेंद्र परिचालन, लाईन अनुरक्षण का कार्य कर रहे निविदा कर्मियों, विभागीय कार्यालयों में व कैश काउंटरों पर तैनात कंप्यूटर आपरेटरों का भुगतान मानक के अनुुरूप नहीं किया जा रहा है। वहीं पिछले आठ माह का वेतन बकाया है। उन्होंने ने बताया कि बकाया वेतन देने की मांग कई बार की जा चुकी है। लेकिन हर बार मायूसी हाथ लगी है। लेकिन इस बार उन्होंने शीघ्र बकाया भुगतान करने की मांग की है। भुगतान नहीं होने तक अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है। धरने में महावीर सिंह, राजकुमार यादव, लक्ष्मीकांत, कमलेश यादव, विश्राम मौर्य, महेंद्र यादव, अखिलेश तिवारी, रविंद्र सिंह, गिरिश यादव, विनोद यादव, मनोज, संतोष, मुकेश, अखिलेश यादव आदि उपस्थित रहे।