जौनपुर। शहर की सीमा पर आठ रेलवे क्रासिंग, बाजारों में अतिक्रमण शहर के दस चौराहों पर यातायात का ठीक से प्रबंध नहीं होने के कारण शहर में जाम की समस्या जटिल होती जा रही है। इन दिनों कुंभ के चलते शहर में वाहनों का दबाव बढ़ गया है। रोजाना दिन में तीन से चार घंटे जाम में लोगों को फंसना पड़ रहा है। इससे मानव श्रम की हानि हो रही है।
शहर की बदलापुर पड़ाव, कचहरी रोड, लाइन बाजार रोड, लुंबिनी दुद्घी मार्ग, जगदीशपुर क्रासिंग से नईगंज, रेलवे स्टेशन रोड, शाही किला रोड, अटाला मस्जिद रोड की सड़कों का चौड़ीकरण किया गया लेकिन सड़कें अतिक्रमण का शिकार हो गई हैं। कहीं ठेला खुमचा वाले तो कहीं बेतरतीब वाहन खड़ा करने से सड़कों पर जाम आए दिन लग जाता है। जाम को लेकर कोई प्लानिंग प्रशासन और पुलिस ने नहीं तैयार किया। जिसकी वजह से जेसीज, वाजिदपुर, पॉलीटेक्निक, नईगंज, ओलंदगंज, शाहगंज पड़ाव, सिपाह, कोतवाली, पुरानी बाजार, कचहरी रोड पर जाम लगता है। इधर कुंभ की वजह से मध्य प्रदेश से प्रयागराज होकर बिहार की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को वाया जौनपुर बाबतपुर की तरफ से डायवर्ट कर दिया गया है। गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाले वाहनों की संख्या दोगुनी हो गई है। रोडवेज की बसें भी 200 से अधिक की संख्या में बढ़ा दी गई है। ऐसे में जाम से शहर हर रोज जकड़ जा रहा है। इसके पीछे मुख्य वजह आठ रेलवे क्रासिंग है।
शहर से सटे आठ क्रासिंग का हाल
जौनपुर। प्रदेश का पहला ऐसा शहर है जहां तीन रेलवे स्टेशन भंडारी, सिटी और कचहरी है। शहर चारों तरफ से क्रासिंग से घिरा हुआ है। आजमगढ़ रोड पर सिपाह, केशवपुर, प्रयागराज रोड पर सीहीपुर, वाराणसी रोड पर जगदीशपुर, मड़ियाहूं रोड पर सिटी स्टेशन के बगल में, भदोही रोड पर वनविहार के पास और शाहगंज रोड पर कुत्तूपुर और पचहटियां के बीच दो क्रासिंग स्थित है। सीहीपुर क्रासिंग 24 घंटे में 70 से 80 बार, जगदीशपुर क्रासिंग 56-60 बार, मड़ियाहूं और भदोही रोड पर क्रासिंग 70 से 80 बार, सिपाह क्रासिंग 20-30 बार, केशवपुर क्रासिंग 18 से 20 बार बंद होता और खुलता है। यही वजह से कि जब भी क्रासिंग बंद होती, वाहनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं और जाम के हालात पैदा हो जाते हैं। पचहटियां और कुत्तूपुर के बीच दो क्रासिंग बंद होने की वजह से वाहन शहर के अंदर से कुत्तूपुर होकर शाहगंज होते अम्बेडकरनगर, सुल्तानपुर जाते हैं। जिससे शहर में जाम लग जाता है। जाम लगने से फंसकर घंटों लोग परेशान होते हैं।
कुंभ की वजह से वाहनों का दबाव बढ़ गया है। फतेहपुर से प्रयागराज होकर बिहार की तरफ जाने वाले वाहनों को वाया जौनपुर डायवर्ट कर दिया गया है। इसके अलावा नेपाल से लेकर गोरखपुर सहित अन्य इलाकों के श्रद्घालु कुंभ में जौनपुर होकर आ- जा रहे हैं जिससे वाहनों का दबाव बढ़ा है।-दिनेश पाल सिंह, पुलिस अधीक्षक