जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सत्र 2018-19 की मुख्य परीक्षा के लिए सभी कालेजों से परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन नहीं हो पाने के कारण परीक्षा केंद्रों का निर्धारण नहीं हो सका है। अब कालेज छात्रों से मिलने वाले परीक्षा शुल्क को विश्वविद्यालय के खाते में 10 जनवरी तक जमा कर सकेंगे। परीक्षा आवेदन पत्र नहीं जमा होने के कारण आवेदन जमा करने की तिथि बढ़ा दी गई है। इसके कारण छात्रों की संख्या और केंद्रों की सूची को भी अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है।
तीन दर्जन से अधिक कालेज ऐसे हैं, जिनका परीक्षा आवेदन पत्र अभी तक जमा नहीं हो सका है। विश्वविद्यालय ने सभी कालेजों को निर्देश दिया था कि मुख्य परीक्षा के लिए पांच जनवरी तक छात्रों की फीस विश्वविद्यालय के खाते में ऑनलाइन स्थानांतरित कर दें। कालेजों को 10 जनवरी तक फीस आनलाइन स्थानांतरित करने का समय दिया है। इसके साथ छात्रों द्वारा ऑनलाइन किए गए परीक्षा आवेदन की हार्डकापी और नामिनल रोल भी जमा करने के लिए 24 जनवरी की तिथि तय कर दी गई है। हर जिले के कालेज अलग-अलग तिथि में छात्रों का डिटेल विवि में जमा करेंगे। गाजीपुर जिले के सभी कालेज 16 और 17 जनवरी को हार्डकापी और नामिनल रोल जमा करेंगे। जौनपुर और इलाहाबाद के कालेज 18 और 19 को, आजमगढ़ के कालेज 21 और 22 और मऊ जिले के कालेज 23 और 24 को छात्रों का डिटेल विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराएंगे। रजिस्ट्रार ने सभी कालेजों को पत्र जारी कर छात्रों का डिटेल समय से विवि को उपलब्ध कराने को कहा है। माना जा रहा है कि 10 जनवरी के बाद ही छात्रा की संख्या की सूची तैयार हो पाएगी। इसके बाद छात्रों की संख्या के हिसाब से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।