महराजगंज। क्षेत्र के खैरपारा गांव में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत लगाए पोल मानक के तहत नहीं लगाए गए हैं। जिसे लेकर गांव के लोगों में आक्रोश है। आरोप है कि जो भी पोल लगाए गए हैं वह कभी भी टूट कर गिर सकते हैं। इन पोल से हाईटेंशन तार गुजर रहा है। लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण पोल लगाने में मानक की अनदेखी की गई है। इन गांव में सहोदपुर उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जाती है। गांव के सुनील सिंह, रामफेर चौहान, कमलेश यादव, कैलाश, संजय, दिनेश मिश्र, संजय तिवारी, रामचरित्र, शंभू यादव, राममिलन, राकेश चौहान, बृजकेशर तिवारी, राजीव, राघवेंद्र, पल्टूराम बिंद का कहना है कि पोल कभी भी टूट कर गिर सकते हैं। विभाग ने नहीं चेता तो कभी भी हादसा हो सकता है।
बिजली कर्मियों का धरना खत्म
खेतासराय। शनिवार को बिजली विभाग के निविदा कर्मचारियों और अधिशासी अभियंता शाहगंज के बीच हुई वार्ता के बाद लिखित आश्वासन पर कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया।
शुक्रवार को क्षेत्र के अहिरोपरशुरामपुर, बादशाही, पिलकिछा, सोंगर आदि उपकेंद्रों से जुड़े निजी निविदा कर्मियों ने अपने मानदेय आरटीजीएस द्वारा 6500 और 7800 रुपए की दर से भेजने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया था। कार्य बहिष्कार के चलते शुक्रवार को बादशाही उपकेंद्र से जुड़े खेतासराय व मानीकलां फीडर से जुड़े दर्जन भर गांवों की आपूर्ति 8 घंटे ठप हो गई थी । शनिवार की दोपहर अधिशासी अभियंता शाहगंज जितेंद्र द्वारा उपकेंद्रों पर तैनात निविदा कर्मचारियों की समस्या सुनी ।अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि 11 जनवरी तक सभी निविदा कर्मियों को आरटीजीएस द्वारा भुगतान शुरू करा देंगे। इस पर सभी कर्मचारियों ने शनिवार दोपहर से अपना कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया। इस दौरान सभाजीत यादव, विनोद यादव, भोला जमील, बिलाल, संदीप आदि मौजूद रहे।