बदलापुर। होली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय के नेतृत्व में महराजगंज रोड स्थित बाबूराम यादव की दुकान पर छापेमारी किया। जहां टीम ने खोवा की जांच आयोडीन टिंचर के माध्यम से किया। इसके बाद टीम ने बाबा डेयरी की दुकान से खोवा की सैंपलिंग लिया। बाजार से दूर पूरा मुकुन्द गांव में सुनसान स्थान पर राजेंद्र निगम द्वारा चलाई जा रही पपड़ी तथा मिल्क केक की फैक्ट्री पर छापेमारी कर पपड़ी तथा मिल्क केक की सैंपल सील किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने कहा कि होली के त्योहार को देखते हुए बेसन, मैदा, रिफाइंड खाद्य तेल, घी, कचरी, पापड़ तथा खोवा की जांच की जा रही है। मिलावट करने वाले दुकानदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। हालांकि टीम आने की खबर लगते ही अधिकांश दुकानदार अपनी दुकान बंदकर फरार हो गए। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार दुबे, आरपी पटेल, सूर्यमणि आदि उपस्थित रहे।