जौनपुर। जिले में डेंगू के संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। सभी सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) को किट से डेंगू की जांच कराने का निर्देश दिया गया है। सभी सीएचसी पर जांच किट उपलब्ध करा दी गई है। अभी तक जिले में डेंगू के 12 मरीज मिल चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) डॉ. सुनील कुमार यादव ने बताया कि जिले में डेंगू के 12 पॉजिटिव मरीज चिह्नित किए गए हैं। संभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। बुधवार को सिरकोनी और जलालपुर स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया।
डॉक्टरों को साफ सफाई के साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव कराने का निर्देश दिया है। इलाज के आने वाले मरीजों को जागरूक करने को कहा गया है। जिले के सभी 23 सीएचसी पर किट से डेंगू की जांच कराने का निर्देश है। इलाज के लिए जो भी मरीज आ रहे हैं यदि उनमें लक्षण मिलते हैं तो किट से जांच कराई जाए। यदि किट से जांच में कोई धनात्मक मरीज मिलता है, तो उसकी एलाइजा जांच कराई जाएगी। मलेरिया और डेंगू के संक्रमण को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जिले में 165 हाट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इन क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। इसमें 13 अति संक्रमित क्षेत्र हैं।
वर्जन-
डेंगू पर विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। सभी सीएचसी पर जांच किट उपलब्ध करा दी गई है। सीएचओ को निर्देश दिया है कि वह संभावित मरीजों की जांच कराएं। पॉजिटिव मिलने वाले मरीजों की एलाइजा जांच कराई जाएगी।
-डॉ. लक्ष्मी सिंह, सीएमओ, जौनपुर