जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में किसान मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को 12 मई होने वाले मतदान में वोट करने के लिए संकल्प दिलाया गया। मतदाता जागरूकता अभियान में बढ-चढ कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित भी किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। जिस प्रकार भारत की अर्थव्यवस्था में किसानों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उसी प्रकार आगामी चुनाव में भी विशेष योगदान रहेगा। उन्होंने किसान भाइयों से अपील की कि आप खुद तो जागरूक हो और लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें और 12 मई को मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि इस बार सभी बूथों पर पीने का पानी, बिजली, छाया एवं महिला दिव्यांग वोटरों को लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। उधर, मीडिया कर्मियों के बीच भी कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसे संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी लोग मतदाता सूची में या वोटर हेल्पलाइन एवं एनवीएसपी एप के माध्याम से अपना नाम देख लें। वोट वहीं दे सकेंगे जिनका नाम मतदाता सूची में होगा। इस अवसर पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी अमित चौबे, भूमि संरक्षण अधिकारी ओंकार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी हरिशंकर राम, डिप्टी पीडी आत्मा रमेश चन्द्र यादव, स्वीप कोआर्डिनेटर मो. मुस्तफा, रमेश चंद्र यादव आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी को 12 मई को मतदान करने की शपथ दिलाई।